चीन जाएंगी रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण

नई दिल्ली। डोकलाम गतिरोध के बाद चीन से लगती सीमा पर दोनों ओर से निरंतर जारी हलचलों के बीच रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण तीन दिन की यात्रा पर 23 से 25 अप्रैल तक चीन जाएंगी। रक्षा मंत्री की चीन यात्रा को लेकर पिछले कुछ समय से कयास लगाये जा रहे थे लेकिन रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को ट्विट कर उनकी यात्रा की तारीखों का ऐलान किया। रक्षा मंत्रालय के ट्विट में कहा गया है कि सीतारमण 23 से 25 अप्रैल तक चीन यात्रा पर जाएगी। लगभग दो साल के अंतराल पर हो रही रक्षा मंत्री की इस यात्रा को पिछले करीब एक साल के घटनाक्रम के मद्देनजर संबंधों में आई शिथिलता को दूर करने के अवसर के तौर पर देखा जा रहा है। रक्षा मंत्रालय की ओर से निर्मला सीतारमण के कार्यक्रम के बारे में अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गयी है लेकिन यह बताया गया है कि वह 24 अप्रैल को शंघाई सहयोग संगठन के रक्षा मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगी। इसके बाद उनके अपने चीनी समकक्ष से द्विपक्षीय बातचीत का भी कार्यक्रम है। सीतारमण से पहले पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर अप्रैल 2016 में चीन गए थे। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज भी शंघाई सहयोग संगठन के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए इस दौरान शंघाई में रहेंगी। शंघाई सहयोग संगठन में चीन,कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, भारत और पाकिस्तान शामिल हैं। भारत और पाकिस्तान को संगठन में शामिल किए जाने के बाद इसकी यह पहली बैठक हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *