SP के पूर्व सांसद राजेंद्र बाडी समर्थकों संग कांग्रेस में शामिल

गढ़वाल का विकास न्यूज, देहरादून। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव की उपस्थिति में आज नई दिल्ली में समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद राजेन्द बाडी ने अपने सैकडों साथियों सहित कांग्रेस पार्टी की रीति नीतियों तथा श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी के नेतृत्व में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता मथुरादत्त जोशी ने बताया कि पूर्व सांसद श्री राजेन्द्र बाडी ने आज नई दिल्ली में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल एवं प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश की एकमात्र पार्टी है जिसने हर वर्ग व हर धर्म का सम्मान किया है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल एवं प्रदेश प्रभारी श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी है जो सभी धर्मों, वर्गों, सम्प्रदायों एवं जातियों का सम्मान करती है। कांग्रेस पार्टी ने आजादी से लेकर आज तक राजनीति के साथ-साथ समाज सुधारक के रूप में भी काम किया है तथा समाज को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव, विधानसभा चुनाव से लेकर आज तक झूठ बोलने के सिवा कुछ नहीं किया। भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकारों ने अपने अभी तक के कार्यकाल में मंहगाई, भ्रष्टाचार तथा लोकतंत्र को तार-तार करने के सिवा कुछ नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार को जोड़ने के साथ ही जो कठिन समय में पार्टी के साथ रहेें हैं उन कांग्रेसजनों के हितों की भी रक्षा की जायेगी। उन्होंने कहा कि श्री राजेन्द्र बाडी ने सांसद सहित विभिन्न पदों पर रहते हुए क्षेत्र के लोगों की सेवा की है श्री बाडी एवं उनके साथियों के कांग्रेस पार्टी में जुडने से पार्टी संगठन को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *