राजपुर रोड में दिन दहाड़े ज्वैलरी शोरूम में डकैती

देहरादून 09 नवंबर, गढ़वाल का विकास डॉट कॉम। देहरादून के राजपुर रोड स्थित रिलायंस के ज्वैलरी शोरूम में डकैती होने से हड़कंप मच गया है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गये। घटना सुबह की बतायी जा रही है।

बताया जाता है कि सुबह शोरूम खुलने के साथ ही वारदात को अंजाम दिया गया। यहां चार से पांच बदमाश हथियारों के साथ रिलायंस ज्वेलर्स की दुकान में ग्राहक बनकर घुस गए। दीपावली को देखते हुए ज्वेलरी शॉप में बड़ी मात्रा में बहुमूल्य आभूषण रखे हुए थे। बताया जाता है कि डकैतों ने ज्वेलरी शॉप के कर्मचारियों को बंधक बनाकर यहाँ से भारी मात्रा में कीमती आभूषणों पर डाका डाला है। करीब आधे घंटे के अंतराल में ही डकैतों ने ज्वेलरी शॉप को खंगाल डाला और रफूचक्कर हो गए।

दिनदहाड़े हुई डकैती न केवल शहर में चर्चा का विषय बन गयी है, अपितु पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए है। वह भी तब जबकि पूरा शहर राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर हाई अलर्ट पर था। दरअसल राज्य स्थापना दिवस पर पुलिस लाइन में कार्यक्रम था, जिसमे सभी पुलिस कर्मी व्यस्त थे। इसी बीच इतनी बड़ी डकैती की घटना हो गई। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंच गई हैं और स्टाफ से पूछताछ कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि घटना को चैलेंज के रूप में दून पुलिस ने स्वीकार किया है। उन्होंने साफ कहा कि जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। घटना में पांच डकैतों के शामिल होने की बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *