कांग्रेस पर भाजपा ने किया पलटवार

देहरादून,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। प्रवासियों के मुद्दे पर लगातार केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश कर रही कांग्रेस पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने कहा कि प्रवासियों के मुद्दे पर कांग्रेस नेतृत्व कितना गंभीर है, इसका अंदाजा श्रीमती प्रियंका गांधी द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपी गई वाहनों की फर्जी सूची से स्पष्ट हो गया है। भाजपा ने इस फर्जीवाड़े के लिए कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने को कहा है।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अजेंद्र अजय ने कहा कि कांग्रेस शुरू दिन से ही प्रवासी मजदूरों के मुद्दे पर संकीर्ण राजनीति कर रही है। कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व से लेकर प्रदेशों के नेता तक प्रवासियों के मुद्दे पर बेवजह हो – हल्ला मचाए हुए हैं। पूर्व में कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने मजदूरों को भड़काने का दुष्प्रयास किया। श्रीमती गांधी ने यहां तक फर्जी घोषणा कर डाली थी कि रेल से जाने वाले प्रवासियों का किराया कांग्रेस पार्टी देगी। जबकि आज दिन तक कांग्रेस पार्टी ने चवन्नी तक कहीं नहीं दी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के नक्शे कदम पर चलते हुए उनकी सुपुत्री श्रीमती प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार को मजदूरों को लाने – लेजाने के लिए अपनी तरफ से 1000 बसें उपलब्ध कराने के लिए पत्र लिखा था। उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीमती गांधी को तुरंत इसकी स्वीकृति देकर बसों के नंबर व अन्य विवरण मांगा था। मगर श्रीमती गांधी ने जो सूची उपलब्ध कराई है उससे कांग्रेस की शर्मनाक राजनीति का पर्दाफाश हो गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेत्री ने वाहनों की सूची में दुपहिया, तिपहिया व सामान ले जाने वाले वाहनों के नंबर देकर प्रवासी मजदूरों के साथ भद्दा मजाक किया है। इसके लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *