स्वस्थ भारत यात्रा के सफल संचालन को डीएम ने दिये दिशा-निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी एस.ए मुरूगेशन ने ‘‘ स्वस्थ भारत यात्रा’’ के सफल संचालन हेतु बैठक आयोजित कर सम्बन्धित विभागों को आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 2019 में 150 वीं जयंती के अवसर पर ‘स्वस्थ भारत यात्रा’ थीम के अन्तर्गत सम्पूर्ण देशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के साथ ही जनपद में होने वाली साईकिल रैली और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु फूड सेफ्टी, यातायात पुलिस, नगर निगम/नगर पालिका, स्वास्थ्य, खेल, शिक्षा विभाग आदि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के साथ उनकी भागीदारी के सम्बन्ध में विस्तृत चर्चा की गयी। जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लोगों को जागरूक करने के लिए और यात्रा कार्यक्रम के प्रबन्धन हेतु अपना योगदान दें। उन्होंने यातायात पुलिस को कार्यक्रम के विभिन्न स्थलों पर सुरक्षा और यातायात प्रबन्धन, स्वास्थ्य विभाग को अपने स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने, नगर निगम और सम्बन्धित नगर पालिका परिषद को स्वच्छता जागरूकता और सैनिटेशन के बारे में लोगों की आदतों में सुधार और प्रेरित करने, जिला क्रीड़ा अधिकारी को योगा, साईकिलिंग व अन्य गतिविधियों में आवश्यक सहयोग देने तथा शिक्षा विभाग को स्कूली बच्चों को स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने सेलाकुई में कार्यक्रम के दौरान फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों, विभिन्न संस्थानों में अध्ययन युवक-युवतियों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों सभी को फोकस करते हुए कार्यक्रम में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य और खानपान की सही आदतों और पौष्टिक खाओ, साफ खाओ, शुद्ध खाओ, भोजन बेकार ना करें, दैनिक व्यायाम इत्यादि के बारे में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *