हर नागरिक लगाए पेड़ : महंत देवेन्द्र दास, श्री दरबार साहिब में श्रद्धा भाव से मनाया गया गुरु पूर्णिमा पर्व
देहरादून। श्री गुरु राम राय दरबार साहिब देहरादून में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। संगतों ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका व श्री दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्री दरबार साहिब में विशेष पूजा अर्चना की गई व संगतों के लिए लंगर व प्रसार वितरण किया गया।
मंगलवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संगतों का श्री दरबार साहिब पहुंचने का क्रम अल सुबह से ही शुरू हो गया था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश सहित देश के कोने कोने से हज़ारों की संख्या मंे संगतें श्री दरबार साहिब पहुंचीं। महंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सुबह श्री झण्डा साहिब व श्री दरबार साहिब में विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद दर्शनों व मनोतियों का क्रम शुरू हुआ। श्री महाराज जी ने संगतों को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि जीवन को नशे, दुव्यसनों, दुव्यव्यहार व बुरी आदतों से बचाना समाज की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो लोग गुरु के बताये सद्मार्ग पर चलते हैं उन्हें कभी भी जीवन मे निराशा का सामना नहीं करना पड़ता है। गुरुमंत्र को आत्मसात कर जीवन में उतार लें।
उन्होंने कहा कि गुरु का मार्ग अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाता है व सच्चे ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करता है। श्री महाराज जी ने अपने उद्बोधन में संगतों का विशेष रूप से आह्वाहन किया कि वे प्रर्यावरण संरक्षण में अपनी उपलब्धता में उपयोगिता सुनिश्चित करें। उन्होंने आह्वाहन किया कि प्रत्येक नागरिक एक पौध लगाए उस पौध को पेड़ बनने तक लालन पालन, रख रखाव खाद पानी देने में अपना पूरा पूरा सहयोग दें। यदि इस धरा को हरा भरा बनाए रखना है तो पेड़ पौधों का संरक्षण व संवर्धन करना भी हम सब की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब में विशेष लंगर व प्रसाद वितरिण का आयोजन किया गया।