मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र ने दिए मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत

देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत देते हुए मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार को मंत्रिमंडल विस्तार की जरूरत हैं। साथ ही यह भी जोड़ा कि विस्तार न होने से फिलहाल कामकाज प्रभावित नहीं हो रहा है।
ओएनजीसी में आयोजित युवा सम्मेलन के बाद मीडिया से मुखातिब मुख्यमंत्री ने सवालों का जवाब देते हुए मंत्रिमंडल विस्तार के मुद्दे पर सकारात्मक रुख जाहिर किया। मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि मंत्रिमंडल के विस्तार की जरूरत महसूस हो रही है, लेकिन सीटों के रिक्त रहने से सरकार के कामकाज पर भी कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। सरकार सबकी सहमति लेकर फैसले कर रही है। जैसे ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा, सबसे पहले मीडिया को ही खबर दी जाएगी।
प्रदेश मंत्रिमंडल में इस समय तीन सीटें रिक्त हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री सहित कुल आठ मंत्री हैं। हाल ही में कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन के बाद तीसरी सीट खाली हुई। प्रदेश के कई दिग्गज नेता इन सीटों पर अपनी निगाहें जमाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *