उत्तराखंड : रावत के नेतृत्व में मिली नई सरकार

देहरादून। आखिरकार उत्तराखंड को प्रदेश के नौवें मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में नई सरकार मिल गई है। शनिवार को परेड मैदान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में प्रदेश की नई सरकार के गठन के ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना। प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल ने संक्षिप्त शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और उनके नौ सदस्यीय मंत्रिमंडल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री की शपथ के बाद राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह पर सात कैबिनेट मंत्रियों क्रमश: सतपाल महाराज, प्रकाश पंत, डॉ. हरक सिंह रावत, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय व सुबोध उनियाल को कैबिनेट मंत्री जबकि रेखा आर्य व डॉ. धन सिंह रावत को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। प्रदेश में लंबे अरसे के बाद राज्यमंत्री बनाए गए हैं। डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक के समय से प्रदेश में राज्यमंत्री बनाने की परंपरा ही खत्म हो गई थी। वैसे प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में आने से उम्मीद की जा रही थी कि संभवत: प्रधानमंत्री आम जनता को संबोधित भी करेंगे। बीते दिन भाजपा ने ऐसा प्रचार भी किया था। मगर मंच पर उपस्थित प्रधानमंत्री ने केवल हाथ जोड़ कर और हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।

शहीदों के सपने साकार करेंगे : त्रिवेंद्र
देहरादून। शनिवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शपथ ग्रहण से पूर्व कचहरी स्थिति शहीद स्मारक जाकर शहीद राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उनकी सरकार शहीद राज्य आंदोलनकारियों की भावना के अनुरूप राज्य का विकास करने के लिए कृतसंकल्प है। इसके पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने डिफेंस कॉलोनी स्थित घर में पूजा अर्चना की। जिसके बाद उनकी पुत्री ने उनका मुंह मीठा किया, इसके बाद मुख्यमंत्री शहीद स्मारक के लिए निकले।

स्वच्छ व पारदर्शी शासन देना सर्वोच्च प्राथमिकता : त्रिवेंद्र
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदेश की जनता को स्वच्छ व पारदर्शी शासन देना है। कानून व्यवस्था को मजबूत करते हुए भ्रष्टाचार रहित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। नौजवानों का कल्याण व स्वर्णिम भविष्य, मातृशक्ति की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की भावनाओं के अनुरूप किसानों के कल्याण के लिए बिजली, पानी, खाद व अच्छा बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारम्भ किए गए स्वच्छ भारत अभियान व निर्मल गंगा अभियान को प्रदेश में तेजी से आगे ले जाया जाएगा। गंगा की स्वच्छता व निर्मलता के लिए सरकार प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *