देहरादून। उत्तराखंड और उप्र में भारी पराजय के कारण कांग्रेस के नेता इतने बौखला गए हैं कि वे लगातार अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रभारी डा.देवेंद्र भसीन ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय का यह बयान कि मुख्यमंत्री को लेकर भाजपा जूतों में दाल बांट रही है, पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस की भारी पराजय से कांग्रेस नेताओं में इतनी बौखलाहट पैदा हो गई है कि वे न सिर्फ अपनी भाषा का संतुलन खो बैठे हैं बल्कि आधारहीन आरोप लगा रहे हैं। डा.भसीन ने कहा कि कांग्रेस भाजपा की शानदार विजय को पचा नहीं पा रही है। एक ओर कांग्रेसी ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगा रहे हैं तो उत्तराखंड में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अपनी गिरेबां में झांकने के स्थान पर भाजपा को लेकर उलटे बयान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा नेतृत्व ने एक प्रक्रिया तय की है और उसके हिसाब से कार्य हो रहा है। अगले दो-चार दिन में सर्वसम्मति से सीएम चुन लिया जाएगा।