ऋषिकेश,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। वन मंत्री हरक सिंह रावत ने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वन क्षेत्र से सटे विभिन्न संपर्क मार्गों का कैंपा योजना के माध्यम से निर्माण करवाए जाने की बात वन मंत्री से कही।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने वन मंत्री को अवगत कराया कि वन क्षेत्र से सटे सभी संपर्क मार्गों का पक्का निर्माण करना अति आवश्यक है। वर्तमान में संपर्क मार्गों का पक्का निर्माण ना होने के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधानसभा अध्यक्ष ने कैंपा योजना के अंतर्गत वन क्षेत्र से सटे सभी संपर्क मार्गों का निर्माण कराए जाने की बात कही।
वहीं श्री अग्रवाल ने संजय झील का सौंदर्यीकरण कर ऐतिहासिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने के लिए वन मंत्री हरक सिंह रावत के संग चर्चा की।वन मंत्री ने भी विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि सभी विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।