देहरादून, (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड के पूर्व CM व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने प्रदेश की BJP सरकार द्वारा जारी किये गए रोजगार के आंकड़ों और गैरसैंण में किए गए खर्च पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सरकार को ‘फेंकू’ नंबर वन बताते हुए सात लाख से अधिक स्थाई और अस्थाई नौकरियां दिए जाने को झूठा करार दिया है।
सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्व CM हरीश रावत ने एक श्लोक के द्वारा भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झूठ ना बोले हैं रघुकुल जाया, प्राण जाए पर वचन ना जाये। उन्होंने कहा कि यह शाश्वत वाक्य है जो सृष्टि के अंत तक रहेगा. मगर, भाजपाई दशरथ का यह सत्य भी शाश्वत घूमता रहेगा कि उनकी सरकार ने बीते 4 वर्षों में 7 लाख से अधिक स्थाई और अस्थाई नौकरियां दी हैं। धन्य हैं आप, जिसके बाद भाजपा उत्तराखंड में फेंकू नंबर वन बन गई है।
पूर्व CM हरीश रावत ने गैरसैंण में किए गए खर्च पर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाये हैं। हरीश रावत ने कहा भाजपा ने गैरसैंण में 25 हजार करोड़ रुपए खर्च करने के दावे किए हैं। इस दावे को भाजपा ने कुछ अधिक ही ऊंचा उछाल दिया है, जिसके लिए भी वे बधाई देते हैं।