गठबंधन वाले लोग नहीं कर सकते देश का भला, उत्तराखंड पीएम मोदी की प्राथमिकता में
देहरादून। उत्तराखंड के पीएम मोदी की प्राथमिकता में होने की बात कहते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने सेना और सीमा को सुरक्षित करने का काम किया है। इस दौरान जहां उन्होंने राहुल गांधी से राम मंदिर पर अपना स्टैंड साफ करने को कहा, वहीं यह भी कहा कि गठबंधन वाले लोग देश का भला नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड को अटलजी ने बनाया, मोदी ने संवारा। लिहाजा इस प्रदेश से ऐसी विजय होनी चाहिए कि विरोधियों के दिल धड़कना भूल जाए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देहरादून के परेड मैदान में पार्टी के टिहरी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों के त्रिशक्ति (बूथ पालक, अध्यक्ष व बीएलए-दो) सम्मेलन में शामिल होने देहरादून पहुंचे। सम्मेलन को संबोधित भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं भी 1982 में गुजरात में बूथ अध्यक्ष होता था। छोटे कार्यकर्ता को पार्टी ने दुनियां की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अद्यक्ष बनने का सम्मान दिया। ये मेरा सम्मान नहीं है, ये कार्यकर्ता का सम्मान है। कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। बाकी पार्टीयां अपने नेताओं के आधार पर चुनाव जीतती हैं। लेकिन भाजपा अपने बूथ पर तैनान कार्यकर्ताओं की वजह से चुनाव जीतती है। छोटा कार्यकर्ता पार्टी के साथ काम करता है, पार्टी उसे क्या मौका देती है, उदाहरण मैं हूं। ये भाजपा के अलावा कहीं नहीं है। देश भर की अन्य पार्टियों में अध्यक्ष परंपरागत वंशवाद से आते हैं। भाजपा भी गरीब चाय बेचने वाले के बेटे को प्रधानमंत्री बनाती है।
कार्यकताओं में जोश भरते हुए भाजपा अध्यक्ष श्री शाह ने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने फास्ट ट्रैक पर उत्तराखंड का विकास किया। उत्तराखंड मोदी जी का सबसे प्रिय राज्य है। प्रधानमंत्री ने केदारनाथ तीर्थ की कायाकल्प करने का काम किया है। केदारनाथ दुनियाभर के भारतीयों की श्रद्धा का केंद्र है। जिसकी कायाकल्प करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। मोदी सरकार ने आलवेदर रोड बनाने के काम की शुरूआत की, जिसका 24 घंटे काम जारी है। केंद्र और राज्य सरकार ने हर वर्ग और हर गांव के लिए कुछ न कुछ करने का प्रयास एक साल के अंदर किया है। त्रिवेंद्र रावत सरकार ने भ्रष्टाचार को उत्तराखंड से उखाड़ देने का कार्य किया है। उत्तराखंड पीएम मोदी की प्राथमिकता में है।
विपक्ष को आड़े हाथो लेते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि बजट से विपक्ष की हवाइयां उड़ी है। विपक्ष के नेता के कांग्रेस अध्यक्ष के चेहरे से नूर गायब हो गया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने घोटालों को समाप्त किया। कार्यकर्ताओं का संकल्प होना चाहिए कि मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाएं। ये भाजपा के साथ ही भारत के लिए जरूरी है।गठबंधन मामलें पर उन्होंने कहा कि कभी एक दूसरे का मुंह न देखने वाले बुआ भतीजा एक मंच पर आ गए हैं। उन्होंने कहा कि जातिवाद की राजनीतिक, परिवारवाद की राजनीतिक बंद करनी होगी। ये देश का भला नहीं कर सकती। सारे गठबंधन के लोगों का एक मात्र उद्ददेश्य मोदी हटाओ है। वो जितना नाम मोदी का लेते हैं, यदि नारायण का नाम लेते तो उनका भला हो जाता। गठबंधन वाले लोग देश का भला नहीं कर सकते हैं।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राम मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस मामले में स्पष्ट नीति है, कहा उसी जगह पर भव्य राम मंदिर जल्दी बनना चाहिए। किसी को दुविधा में रहने की जरूरत नहीं है। जब भी राम मंदिर बनाने को केस आता है तो कांग्रेस अड़ंगा लगाती है। कहा, राहुल बाबा स्टैंड क्लियर करो। वहां राम मंदिर चाहते हो या नहीं। कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में फिर से भाजपा की सरकार बनानी है। उत्तराखंड पर तो भाजपा का अधिकार है। चुनावों में उत्तराखंड ऐसी प्रचंड विजय दे कि विरोधियों की धड़कनें रुक जाएं। दुनिया का सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी भाजपा के पास है। जब भी इतिहास लिखा जाएगा तब गौरव से प्रधानमंत्री का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। त्रिवेंद्र सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया जब कार्यकर्ता को सिर झुकाना पड़े। इसलिए सीना चौड़ा कर जनता के पास जाइए।
मंच पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, उत्तराखंड लोकसभा चुनाव के प्रभारी थावर चंद गहलौत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पार्टी प्रभारी श्याम जाजू, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, सह महामंत्री संगठन शिव प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा मौजूद रहे। अमित शाह के पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सम्मेलन में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी लोकसभा क्षेत्र के बूथ इकाइयों के अध्यक्षों, बूथ पालकों और बूथ लेवल सहायक दो जुटे।