देहरादून। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि देहरादून के प0 दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में 100 बेड की अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। देहरादून व अन्य जिलों से आने वाले मरीजों को इससे राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पौड़ी में ट्राजिंट होस्टल शुरू किया जा रहा हैं।
यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में 90 प्रतिशत प्रसूति संस्थागत हो। जच्चा -बच्चा को ससमय अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सके। इससे शिशु मृत्यु दर व मातृ मृत्यु दर को कम करने में भी सहायता मिलेगी। महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार पर विशेष फोकस किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं पहुचाना हमारी प्राथमिकता हैं। गत डेढ़ वर्षो में सरकार द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र के सुधार हेतु कई ठोस प्रयास किए गए हैं। हम कई संक्रमित रोगों को नियन्त्रित करने में सफल रहे है। स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार मात्र सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रहने चाहिए बल्कि सामाजिक कार्य करने वाले संगठनों, व्यक्तियों भी बहुत सी समस्याओं की तत्काल समाधान में सहायता कर सकते है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि अस्पतालों में अच्छा वातावरण बनाने के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि आगामी इन्वेस्टर समिट में स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश हेतु कई प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष आए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम राज्य में 75 प्रतिशत डाॅक्टर तैनात करने में सफल रहे है। तकनीक व आईटी के माध्यम से भी स्वास्थ्य सुविधाएं दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में पहुचानें के प्रयास किए जा रहे है।