औद्योगिक सलाहकार मुख्यमंत्री डा0 पंवार ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ की बैठक
अल्मोड़ा/देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। औद्योगिक सलाहकार मुख्यमंत्री डा0 के0एस0 पंवार ने आज सर्किट हाउस में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में संचालित हो रही विकास योजनाओं व मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणा के सम्बन्ध में एक बैठक की। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता व जनप्रतिनिधियों से संवाद कायम किया जाय उनके द्वारा उठायी गयी जन समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाय।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि क्षेत्र की वास्तविकता से भलीभाॅति भिज्ञ होते है जिस कारण उन्हें समस्या का पूर्ण ज्ञान होता है। बैठक में सलाहकार ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनपद में विकास हेतु की गयी कल्याणकारी घोषणाओं पर तत्काल कार्यवाही करते हुए गुणवत्ता व समयावधि का पूर्ण ध्यान रखा जाय। उन्होंने कहा कि जो घोषणायें शासन स्तर पर लम्बित है उन्हें शासन स्तर पर वार्ता कर पूर्ण कराने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित घोषणाओं पर यथाशीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिये और कहा कि अधिकांश सड़कें वन भूमि हस्तान्तरण के कारण प्रारम्भ नहीं हो पायी है इसके लिए भी ठोस पहल की जायेगी। उन्होंने पेयजल विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि आगामी गर्मी के मौसम में पेयजल किल्लत न होने पाये अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें। बैठक में उन्होंने जनपद में विकास योजनाओं से सम्बन्धित मा0 मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए उनकी समीक्षा की। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, पर्यटन, शिक्षा, संस्कृति, युवा कल्याण, विद्युत, पीएमजीएसवाई, स्वास्थ्य, सिंचाई आदि विभागों की घोषणाओं की समीक्षा करते हुए यथाशीघ्र उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने अवगत कराया कि जनपद में कुल 132 घोषणायें की गयी है जिनमें 49 घोषणायें पूर्ण हो चुकी है शेष 83 घोषणाओं पर कार्य गतिमान व योजनायें निर्माणाधीन है। जिलाधिकारी ने कहा कि समयसमय पर मा0 मुख्यमंत्री की घोषणाओं की समीक्षा की जा रही है। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा अनेक समस्याओं से अवगत कराया। जिसमें नगर की सीवरेज समस्या के समाधान हेतु उचित कार्यवाही, नगर में सड़कांे के गडढों को ठीक करने, गर्मियों में पेयजल किल्लत के लिए ठोस रणनीति बनाने व वन भूमि हस्तान्तरण की विभिन्न लम्बित मामलो के लिए जनपद अल्मोड़ा में नोडल अधिकारी स्तर की बैठक आहूत कराने जिसमें लम्बित मामलो का निस्तारण किया जा सके आदि विषयों पर उनका ध्यान आकृष्ट किया। इस पर सलाहकार मा0 मुख्यमंत्री द्वारा उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुॅचाने की अपेक्षा सभी विभागीय अधिकारियों से की। उन्होंने अधिकारियों से दूरस्थ क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए लोगो की समस्याओं का समाधान व उन्हें मूलभूत आवश्यकतायें पूर्ण कराने के निर्देश दिये। बैठक में अध्यक्ष उत्तराखण्ड सर्व संविदा बोर्ड (राज्यमंत्री) शमशेर सिंह सत्याल, विशेष कार्याधिकारी मुख्यमंत्री गोपाल सिंह रावत, मीडिया कार्डिनेटर दर्शन सिंह रावत, प्रोटोकाल अधिकारी आनन्द सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष गोविन्द पिलख्वाल, विपिन भटट, नगर अध्यक्ष कैलाश गुरूरानी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी0एन0 मीणा, मुख्य विकास अधिकारी मनुज गोयल, अपर जिलाधिकारी बी0एल0 फिरमाल, प्रभागीय वनाधिकारी के0एस0 रावत, उपजिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, परियोजना निदेशक नरेश कुमार, जिला विकास अधिकारी के0के0 पंत के अलावा जनपद स्तरीय अधिकारी व अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इससे पूर्व सलाहकार मा0 मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रतिभाग करते हुए सभी से विकास योजनाओं में सहयोग व सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों को जनजन तक पहुॅचाने का आह्वान किया। सर्किट हाउस पहुॅचने पर उपस्थित लोगो ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया।