देहरादून। यूपीए की अध्यक्षा श्रीमती सोनिया गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांगे्रस कमेटी के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर प्रदेश के समस्त जिला मुख्यालयों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी प्रिय नेत्री को बधाई एवं शुभकामनायें प्रेषित की। इसी क्रम में प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में भी सोनिया गांधी का जन्मदिवस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में विचार गोष्ठी के रूप में मनाया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने केट काटकर एवं मिष्ठान वितरण कर अपनी खुशी का इजहार किया।
उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस द्वारा आज राज्यभर में कांगे्रस की सर्वोच्च नेता श्रीमती सोनिया गांधी का जन्मदिवस सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने श्रीमती सोनिया गांधी की दीर्घायु की कामना करते हुए पार्टीजनों से श्रीमती सोनिया गांधी से त्याग व संघर्ष की प्रेरणा लेते हुए उनके दिखाये रास्ते का अनुशरण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में जब सारा मीडिया तत्कालीन प्रधानमंत्री स्व0 अटल बिहारी बाजपेई के शाईंनिंग इंडिया व फीलगुड के नारे से भयभीत होकर एनडीए की वापसी की भविष्यवाणियाॅं कर रहा था, तब श्रीमती सोनिया गांधी के कुशल नेतृत्व में कांगे्रस की केन्द्र में वापसी हुई और सारा यूपीए सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए सहर्ष तैयार था किन्तु श्रीमती सोनिया गांधी ने दुनिया में एक उदाहरण पेश करते हुए प्रधानमंत्री पद को विनम्रता के साथ ठुकरा दिया व डाॅ0 मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाकर यह सिद्व कर दिया कि वे किसी पद के लिये राजनीति में नही बल्कि देश सेवा के लिये राजनीति में है।
प्रीतम सिंह ने कहा कि यही काम श्रीमती गांधी ने 2009 में फिर दोहराया जब यूपीए 2 की वापसी केन्द्र में हुई तब वे स्वयं या राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बना सकती थी किन्तु उन्होंने दोबारा डाॅ0 मनमोहन सिंह को ही PM बनाया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी त्याग और संघर्ष की मिशाल है। प्रीतम सिंह जी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का गौरवशाली इतिहास रहा है और कांग्रेस के इस गौरवशाली परम्परा का निर्वहन करते हुए श्रीमती सोनिया गांधी जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मुख त्याग का उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी जी ने अपने सफल कार्यकाल में कांग्रेस पार्टी को ऊर्जावान बनाने का काम किया है, उनका कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन हमें सदैव मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के दौरान उनके मार्गदर्शन में मनरेगा, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार, खाद्य सुरक्षा योजना जैसी लोक कल्याणकारी योजनाओं का शुभारम्भ किया गया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी के 140 वर्षो के स्वर्णिम इतिहास को और अघिक ऐतिहासिक बनाकर पार्टी को गौरवशाली बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश आज उन हाथों में खेल रहा है जो देश को साम्प्रदायिकता की आग में झोंककर अपना उल्लू सीधा करना चाहते है, ऐसे में हम सबका कर्तव्य है कि हम अपने युवा नेता राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करने का काम करें। उन्होंने कहा कि 2014 में जो मोदी की लहर थी वह लहर देश की जनता के लिए कहर और जहर बनकर आई है विगत 4 वर्षों में देशवासियों ने उस जहर को पीने काम किया है।
प्रीतम सिंह ने देश व प्रदेश के तमाम नवयुवकों से आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है उन्हें सत्ता से हटाने का, जो देश को बरबादी की ओर ले जाना चाहते है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि हमें मजबूती के साथ राहुल गांधी जी के साथ खड़ा होकर झूठे लोगों से देश को बचाने का काम करना है। इस अवसर पर सूर्यकान्त धस्माना, हीरा सिह बिष्ट, गणेश गोदियाल, शूरबीर सिंह सजवाण, मंत्री प्रसाद नैथानी, राजकुमार, प्रमोद कुमार सिंह, महेन्द्र सिंह पाल, मातवर सिंह कण्डारी, राजेन्द्र सिंह भण्डारी, डाॅ0 अमरजीत सिंह, जोत सिह बिष्ट, मथुरा दत्त जोशी, सरोजनी कैन्तुरा, गरिमा महरा दसौनी, लालचन्द शर्मा, संजय किशोर, प्रभुलाल बहुगुणा, राजेन्द्र शाह, राजीव महर्षि, राजेश रस्तोगी, गिरीश पुनेड़ा, नवीन पयाल, राजेश चमोली, राजेश शर्मा, महेश जोशी, दीवान सिंह, धर्म सिंह पंवार, ताहिर अली आदि उपस्थित रहे।