पार्टी से छह वर्ष के लिए किया गया निष्कासित, हथियारों के साथ डांस करता वीडियो हुआ था वायरल
देहरादून (गढ़वाल का विकास न्यूज)। उत्तराखंड में BJP के खानपुर से विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। उन्हें पार्टी से पहले ही निलंबित कर 20 जुलाई तक अपना जवाब दाखिल करने का समय दिया गया था। उनके जवाब दाखिल करने के बाद केंद्रीय नेतृत्व ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरूण सिंह की ओर से जारी पत्र में विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन को छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की बात कही गयी है।
विदित हो कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ, जिसमें भाजपा के यह कद्दावर विधायक शराब के नशे में शस्त्र लहराते हुए दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन ‘मुझको राणा जी माफ करना’ गाने पर ठुमके लगाते हुए नजर आ रहे हैं। डांस के दौरान वे हाथों में बंदूक भी लिए हैं। साथ ही दो-तीन पिस्टल भी उनके हाथ में दिखाई दे रही है। इतना ही नहीं इस दौरान वे शराब पीते भी दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा गया कि वे अभद्र भाषा का भी प्रयोग कर रहे हैं। इस वीडिया के सामने आने के बाद भाजपा के अनुशासित पार्टी होने के दावों पर भी सवाल उठने लगे थे।