हरियाणा के फरार तीन इनामी बदमाश गिरफ्तार

DGP हरियाणा ने कहा धन्यवाद Uttarakhand Police

देहरादून,(गढ़वाल का विकास न्यूज)। हत्या के मामलों में फरार चल रहे हरियाणा के तीन इनामी बदमाशों को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने सितारगंज से गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की पहचान पवन नेहरा निवासी बुड़का, गुड़गांव, आशीष निवासी झज्जर, और मोनू निवासी रोहतक के रूप में हुई है। पवन पर एक लाख व आशीष और मोनू पर 50-50 हजार का इनाम घोषित है। अभियुक्तों के पास से तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं। अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। DGP हरियाणा ने Ashok Kumar IPS, DG Law & Order Uttarakhand से फोन पर बात कर उपरोक्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु उत्तराखंड पुलिस को धन्यवाद दिया है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम को सितारगंज पुलिस को सूचना मिली कि स्लेटी रंग की कार संख्या UP 25AA 0552 में संदिग्ध घूम रहे हैं। सूचना पर खोजबीन की गयी तो सितारगंज चौराहे पर यह कार दिखाई दी गयी। पीछा करने पर थाने से 200 मीटर की दूरी पर इनको पूछताछ के लिये रोका गया। पूछताछ के दौरान आगे बैठे अभियुक्त ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई की व तमंचा निकाल लिया तथा पीछे बैठा अभियुक्त मौके से फरार हो गया। अभियुक्त के पास से तमंचा 315 बोर व जेब से 2 जिंदा कारतूस बरामद किये गये। सख्ती से पूछताछ करने पर अभियुक्त की निशानदेही पर दो अन्य अभियुक्तों का नाम पता बताया गया जिन्हें सितारगंज से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो तमंचे व 4 जिंदा कारतूस बरामद किये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *