नई दिल्ली/उज्जैन। कानपुर शूटआउट का मुख्य आरोपी विकास दुबे को उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि विकास दुबे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए गया था। फिलहाल, स्थानीय पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। यूपी पुलिस ने विकास दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार विकास दुबे महाकाल मंदिर के सामने खड़ा था, जैसे ही वहां स्थानीय मीडिया को देखा, तो उसने चिल्लाना शुरू कर दिया कि वह विकास दुबे हैं। इसके बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, तुरंत उसे गिरफ्तार किया गया और सीधे महाकाल थाने लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक विकास दुबे ने बकायदा स्थानीय मीडिया को अपने सरेंडर की खबर दी थी। इसके बाद उज्जैन के महाकाल थाने के पास उसने स्थानीय पुलिस के सामने सरेंडर किया है सरेंडर की खबर के बाद एसटीएफ की टीम उज्जैन रवाना हो गई है।इधर, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री ने कहा है कि गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश पुलिस की कस्टडी में है। गिरफ्तारी कैसे हुई, इसके बारे कुछ भी कहना ठीक नहीं है।